44वें दीक्षांत समारोह की तैयारी के लिए समन्वयकों की बैठक संपन्न
पूर्वा टाइम्स समाचार

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर आज कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीक्षांत समारोह के लिए गठित समितियों के समन्वयक शामिल हुए। इस वर्ष का दीक्षांत समारोह 25 अगस्त को शहर के गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित किया जाएगा, जो विश्वविद्यालय के लिए एक नया आयोजन स्थल है। कुलपति प्रो. टंडन ने सभी समन्वयकों से आग्रह किया कि वे आयोजन स्थल की भव्यता को ध्यान में रखते हुए नवीन और रचनात्मक सुझाव दें, जिससे दीक्षांत समारोह को गरिमापूर्ण एवं प्रेरणादायक रूप में संपन्न किया जा सके। कुलपति ने यह भी प्रस्तावित किया कि दीक्षांत समारोह में एक भव्य विद्वतजन पदयात्रा का आयोजन किया जाए। इस यात्रा का आयोजन पीएसी के बैंड की धुन पर किया जाए। कुलपति ने सुझाव दिया कि गंभीरनाथ प्रेक्षागृह के बाह्य हॉल का उपयोग विश्वविद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित करने हेतु किया जाए। इसमें पेटेंट की संख्या, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में विश्वविद्यालय की उपलब्धियाँ, प्लेसमेंट सेल की गतिविधियाँ, तथा विश्वविद्यालय की सामाजिक सहभागिता को दर्शाने वाले कार्यक्रमों को समाहित किया जा सकता है। इस बार दीक्षांत समारोह को विशेष बनाते हुए मेधावी विद्यार्थियों और पदक विजेताओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय के लगभग 75 पदक ऐसे हैं जो विभिन्न दाताओं द्वारा प्रायोजित हैं। कुलपति ने इन पदकों के डोनर्स एवं उनके परिजनों को भी समारोह में आमंत्रित करने का प्रस्ताव रखा।
बैठक में दीक्षांत समारोह को सफल और यादगार बनाने के लिए समन्वय एवं विभागीय सहयोग पर विशेष बल दिया गया।








