सरकारी अस्पतालों में अग्निशमन व्यवस्थाएं होंगी और अधिक सुदृढ़

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न, अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश

पूर्वा टाइम्स – समचार
सोनभद्र -जनपद में संचालित सभी सरकारी अस्पतालों में अग्निशमन व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण एवं अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अस्पतालों में अग्निशमन सुरक्षा से संबंधित उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी चिकित्सालयों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, कार्यशीलता एवं नियमित परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आग जैसी आकस्मिक घटनाओं से बचाव के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन किया जाए तथा जहां आवश्यक हो वहां अग्निशमन उपकरणों की स्थापना एवं व्यवस्थाओं को तत्काल सुदृढ़ किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अस्पतालों में समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने, विद्युत सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा आपातकालीन निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के भी निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपदा की स्थिति में जनहानि को रोका जा सके। बैठक में मुख्य अग्निशमन अधिकारी राम साहनी, प्रभारी अधिकारी करन सिंह यादव, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य, एसीएमओ डॉ. गुलाब शंकर यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *