जनपद के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सांसद रविकिशन शुक्ला के साथ किया लिंक एक्सप्रेस वे के बगल में वृक्षारोपण

गोरखपुर मंडल में एक करोड़ 68 लाख तथा अकेले गोरखपुर जनपद में 54 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
पूर्वा टाइम्स -हरिकृष्ण नारायण सिंह
गोरखपुर । प्रदेश सरकार के 26 राजकीय विभागों एवं 25 करोड़ नागरिकों के सहभागिता से जन आंदोलन ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0 के अंतर्गत 37 करोड़ से अधिक पेड़ लगाने के अभियान के तहत प्रदेश के जल शक्ति मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने लिंक एक्सप्रेस वे के बगल में सांसद रविकिशन शुक्ला के साथ वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राओं द्वारा भी सामूहिक रूप से वृक्षारोपण का कार्य किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं जनमानस गण उपस्थित थे।
इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री ने पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ एवं खेत पर मेड़, मेड़ पर खेत का नारा लगवाते हुए सभी से पेड़ लगाने एवं पेड़ संरक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के आह्वान पर मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में आज प्रदेश में विभिन्न विभागों गैर सरकारी संगठनो, छात्रों एवं ग्राम पंचायतों के समन्वय से सघन वृक्षारोपण का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में लगभग 37 करोड़ से अधिक वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पेड़ पृथ्वी के हरित चादर हैं यह जीवन के निश्चल प्रहरी व पर्यावरण के संरक्षक है। वृक्षारोपण, स्वच्छता और जल संचय तीनों ही जीवन के लिए अमूल्य हैं इनके बिना जीवन सुचारू रूप से नहीं चल सकता। प्रदेश सरकार द्वारा विगत 8 वर्षों में इन तीनों ही बिंदुओं पर प्राथमिकता से कार्य किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा पिछले 8 वर्ष में लगभग 200 करोड़ से अधिक वृक्ष लगाकर उल्लेखनीय कार्य किया गया है। इसके माध्यम से लगभग प्रदेश में 5 लाख हेक्टेयर भूमि पर पर वृक्षारोपण का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। वृक्ष पर्यावरण संतुलन, प्रदूषण नियंत्रण, वायु गुणवत्ता में सुधार, भूजल स्तर में वृद्धि, ग्रीन हाउस गैसों के अवशोषण, ग्लोबल वार्मिंग में हास एवं मृदा सुधार हेतु बहुत ही उपयोगी हैं। पेड़ों के इसी उपयोगिता के कारण प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष सघन वृक्षारोपण अभियान चलाकर वृक्षारोपण किया जाता है। आज गोरखपुर मंडल में एक करोड़ 68 लाख तथा अकेले गोरखपुर जनपद में 54 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के लिए हमारे पास पौधों की कमी नहीं है। वन विभाग के गोरखपुर प्रभाग में सभी प्रकार के पौधे वृक्षारोपण हेतु उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि वानिकी के माध्यम से किसानों को अतिरिक्त रोजगार की प्राप्ति के साथ ही उनकी आय में वृद्धि भी हो रही है। शहरी क्षेत्र में भी वनावरण को बढ़ाने हेतु सघन वृक्षारोपण कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ला ने सभी से एक पेड़ लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार के स्तर पर इतना बड़ा वृक्षारोपण अभियान पहले कभी नहीं होता था। प्रधानमंत्री मोदी जी के निर्देश एवं मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हर वर्ष अभियान के रूप में वृक्षारोपण का कार्य किया जा रहा है। आज पूरे प्रदेश में 37 करोड़ से अधिक पेड़ लगाए जायंेगे। सरकार का यह कार्य उसके राष्ट्र सर्वाेपरि के प्रति दृढ़ता एवं भावी पीढ़ी को स्वच्छ पर्यावरण देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा पेड़ जीवन के लिए बहुत जरूरी हैं अतः सभी एक पेड़ अवश्य लगाए एवं उसका पोषण भी करें। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गणों के साथ बड़े संख्या में छात्र छात्राएं एवं आम जनमानस उपस्थित रहे।