एमजीयूजी में भव्य व यादगार बनाया जाए राष्ट्रपति का कार्यक्रम : सीएम योगी

एमजीयूजी में राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों को परखा मुख्यमंत्री ने

पूर्वा टाइम्स समाचार

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक जुलाई को महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु के हाथों होने वाले लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को भव्य और यादगार बनाया जाए। राष्ट्रपति का आगमन इस विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण अवसर है, इसलिए तैयारियां भी उसी अनुरूप होनी चाहिए। सीएम योगी शुक्रवार शाम महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में एक जुलाई को प्रस्तावित राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु के आगमन और उनके कार्यक्रमों से जुड़ी तैयारियों का निरीक्षण करने के बाद समीक्षा बैठक कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि एक जुलाई को राष्ट्रपति एमजीयूजी में अकादमिक भवन, ऑडिटोरियम और पंचकर्म केंद्र का लोकार्पण तथा गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास करेंगी।निरीक्षण के बाद एमजीयूजी के गेस्ट हाउस में बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है कि इसके लोकार्पण को अभी चार साल भी पूरा नहीं हुआ है और इस अंतराल में यहां दूसरी बार राष्ट्रपति का आगमन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक जुलाई को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु के कार्यक्रम को 28 अगस्त 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सानिध्य में हुए विश्वविद्यालय के लोकार्पण समारोह की ही तरह शानदार बनाया जाए। उन्होंने कहा कि एमजीयूजी को सतत हासिल हो रहीं उपलब्धियों में राष्ट्रपति का कार्यक्रम इस विश्वविद्यालय को और प्रगति करने में प्रेरणादायी होगा। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों के लिए की जा रही व्यवस्था आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और कहा कि कार्यक्रम सुव्यवस्थित और सुविधाजनक होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *