पीपीगंज नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जल्द शुरू होगी एंटी रैबीज इंजेक्शन सुविधा, मरीजों को मिलेगी राहत

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

गोरखपुर। पीपीगंज क्षेत्र में अब कुत्ता, बिल्ली, बंदर या अन्य जानवरों के काटने से प्रभावित लोगों को एंटी रैबीज इंजेक्शन के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैंपियरगंज या जिला अस्पताल की लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। सूत्रों के अनुसार, शनिवार से नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), पीपीगंज पर यह सुविधा शुरू होने जा रही है।अब तक यह सुविधा केवल मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और ब्लॉक मुख्यालयों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध थी। वहां भारी भीड़ के कारण मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ता था, जिससे समय और धन की बर्बादी होती थी। देरी होने पर रैबीज जैसे घातक वायरस से संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता था। अब न्यू पीएचसी, पीपीगंज पर एंटी रैबीज इंजेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे मरीज नजदीकी केंद्र पर समय रहते उपचार प्राप्त कर सकेंगे।पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 6 के सभासद प्रतिनिधि अत्ताउल्लाह ने बताया कि इस समस्या को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत की गई थी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को पहले कैंपियरगंज या जिला अस्पताल जाना पड़ता था, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर यह सुविधा मिलने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने बताया ग्रामीण स्तर पर इस सुविधा उपलब्ध होने पर रैबीज से होने वाली मृत्यु दर को कम करने में मील का पत्थर साबित होगा। गोरखपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने बताया कि न्यू पीएचसी, पीपीगंज पर फ्रिज, एंटी रैबीज इंजेक्शन और सिरिंज उपलब्ध करा दी गई हैं। कर्मचारी को प्रशिक्षण दिया गया है और जल्द ही टीकाकरण शुरू हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *