होली 14 मार्च, ईद 31 और रामनवमी 6अप्रैल को

पूर्वा टाइम्स समाचार


गोरखपुर। नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि होलिका दहन 13 मार्च 2025, होली 14 मार्च 2025, ईद उल फितर 31 मार्च 2025 एवं रामनवमी 6 अप्रैल 2025 को मनाए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि आगामी पर्वों में किसी भी प्रकार की नई परम्परा प्रारंभ न की जाये जो भी जुलूस निकाले जाये वो अपने परम्परागत रूटों पर शान्ति पूर्ण ढंग से प्रशासन का सहयोग करते हुए निकाले जाये, उस पर किसी भी प्रकार की बाधा न उत्पन्न की जाये। उन्होंने गोरखपुर वासियों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट न करें और किसी भी भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें इसमें किसी भी संलिप्तता पाई जाने पर उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। असामाजिक तत्व किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न करे तो जिम्मेदार व्यक्ति पुलिस को तत्काल सूचना दे ताकि त्वरित कार्यवाही करके किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को तत्काल रोका जा सके।
उक्त निर्देश नगर मजिस्ट्रेट ने एनेक्सी भवन सभागार में आयोजित आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु शांति एवं सद्भावना समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिये। बैठक में उपस्थित शान्ति एवं सद्भावना समिति के सदस्यों द्वारा अपनी अपनी बातें रखी गई जिस पर नगर मजिस्ट्रेट ने सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आसामाजिक तत्वों एवं सामाजिक सद्भावना बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जायेगा तथा कठोरतम कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने आम जन से अपील किया कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा शांति समिति के सदस्य भी तत्काल अफवाहों का खण्डन करें। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि रूटो पर चूना छिड़काव, नालों की साफ सफाई, अपशिष्ट निस्तारण, छुट्टा पशु सड़को पर इधर उधर न घुमे तथा लाइट आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश देेते हुए कहा कि जिन रूटो पर जुलूस निकलता है वहा पर स्वयं स्थलीय निरीक्षण करके लटके हुए जर्जर तारों को ठीक कराये ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
बैठक में उपस्थित पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टिगत सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाये। इस पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये। उन्होंने कहा कि जुलूसों में जिन सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाये वहां अवश्य उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारीगण के साथ शांति एवं सद्भावना समिति के सदस्य डा0 सुधाकर पाण्डेय, आदिल अमीन, सरदार बलबीर सिंह, प्रिया कुमारी, मुर्तुजा हुसैन रहमानी, इरशाद अब्दुल्ला आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *