किसानों की सुविधा के लिए बढ़ेंगे धान क्रय केन्द्र, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
इस वर्ष 1.70 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित करने की कार्रवाई के निर्देश
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जनसुनवाई कक्ष में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने किसानों की सुविधा एवं धान खरीद की सुचारू व्यवस्था के लिए क्रय केन्द्रों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने खाद्य विभाग के अनुमोदित 38 क्रय केन्द्रों को बढ़ाकर 50 करने तथा मण्डी समिति एवं भारतीय खाद्य निगम के 02-02 क्रय केन्द्रों के अतिरिक्त 02-02 केन्द्र बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पीसीएफ को अपने 30 धान क्रय केन्द्रों का प्रस्ताव तत्काल उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने गतवर्ष की वास्तविक धान खरीद 1,25,837.34 मीट्रिक टन तथा जनपद में धान की उत्पादकता को देखते हुए इस वर्ष खरीद लक्ष्य में वृद्धि के निर्देश दिए। उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी एवं उप निदेशक (कृषि) को आवश्यक कार्रवाई करते हुए 1,70,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किए जाने हेतु कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीद से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई न होने पाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला, उप निदेशक (कृषि), सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, मण्डी सचिव रॉबर्ट्सगंज, जिला खाद्य विपणन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


