डीएमएफ शासी परिषद की बैठक में जनपद के विकास की कई अहम परियोजनाओं को मिली मंजूरी.पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (डीएमएफ) की शासी परिषद की बैठक आयोजित हुई। बैठक में खनिज प्रभावित क्षेत्रों के समग्र एवं सतत विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, सड़क, सिंचाई, जल निकासी, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा गोसंरक्षण से जुड़ी करोड़ों रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में सांसद छोटेलाल खरवार, विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह, विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वगीश कुमार शुक्ला, वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह, ज्येष्ठ खान अधिकारी कमल कश्यप सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिला स्वास्थ्य समिति की कार्ययोजना को मंजूरी देते हुए अस्पतालों एवं राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों में नए भवन, अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, शौचालय, चहारदीवारी तथा मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। डीएमएफ शासी परिषद ने ओबरा में खनन प्रशिक्षण विद्यालय की स्थापना तथा ग्रामीण युवाओं के लिए आधुनिक मिनी स्टेडियम के निर्माण को भी स्वीकृति दी। इसके अलावा ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और संपर्क मार्गों का निर्माण, नगर क्षेत्रों में वैज्ञानिक ड्रेनेज प्रणाली विकसित कर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान तथा किसानों की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चेकडैम निर्माण को मंजूरी दी गई। बैठक में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ऑयलसीड प्रसंस्करण इकाई की स्थापना, बेसहारा गोवंश के संरक्षण के लिए बड़े गोसंरक्षण केंद्र विकसित करने तथा मंगलेश्वर महादेव मार्ग और सलखन फॉसिल पार्क तक बेहतर संपर्क मार्ग विकसित करने की योजना को भी स्वीकृति दी गई। व्यापक वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की कार्ययोजना पर भी सहमति बनी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि डीएमएफ के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, कृषि, रोजगार, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य सोनभद्र के समग्र एवं सतत विकास की मजबूत आधारशिला साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *