संतकबीरनगर पुलिस ने 161 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए, करीब 60 लाख रुपये के फोन स्वामियों को लौटाए

पूर्वा टाइम्स ब्यूरो, संत कबीर नगर।
संतकबीरनगर पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल एवं सर्विलांस टीम की सक्रिय कार्यवाही के जरिए बड़ी सफलता हासिल करते हुए जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 161 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल मिलने की सूचना से स्वामियों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सर्विलांस सेल/यातायात अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सर्विलांस सेल अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता प्राप्त की। सीईआईआर पोर्टल, सीसीटीएनएस प्रणाली, आईएमईआई नंबर एवं सिम संबंधी तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, जनपद के अलावा दिल्ली, लखनऊ, बेंगलुरु, तमिलनाडु, मुंबई, बिहार, गुजरात, आंध्र प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों से भी गुमशुदा मोबाइल बरामद किए गए हैं। संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर इन मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर मोबाइल के आईएमईआई नंबर को ब्लॉक एवं ट्रेस कराएं। शिकायत दर्ज कराने के लिए आधार कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल (यदि उपलब्ध हो), संबंधित थाने में दर्ज गुमशुदगी या एफआईआर की प्रति, मोबाइल धारक का विवरण, मोबाइल नंबर, आईएमईआई नंबर तथा मोबाइल मॉडल की जानकारी आवश्यक होती है।

मोबाइल बरामदगी अभियान में सर्विलांस सेल के साथ कोतवाली खलीलाबाद, दुधारा, महिला थाना, धनघटा, महुली, मेंहदावल, बखिरा, बेलहरकला तथा धर्मसिंहवा थाने के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मोबाइल बरामदगी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *