शिक्षकों को मिली कैशलेस इलाज की सौगात, तहसील सभागार में देखा गया सीधा प्रसारण
उपजिलाधिकारी आशीष त्रिपाठी व खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने योजना को बताया शिक्षकों के हित में ऐतिहासिक कदम
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रदेश के शिक्षकों को योजना की शुरुआत पर बधाई देते हुए इसे उनके स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
तहसील घोरावल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार का सराहनीय प्रयास है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि इस योजना से शिक्षकों को उपचार के दौरान आर्थिक चिंता से राहत मिलेगी और वे अधिक निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
उपस्थित शिक्षकों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे उनके कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि शामिल रहे।









