स्वास्थ्य मिशन के तहत टीकाकरण एवं आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवा गोरखपुर।
विकासखंड पाली अंतर्गत क्षेत्र स्थित के ग्राम सभा पट्टी धर्मदास में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत व्यापक टीकाकरण एवं आयुष्मान कार्ड शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए आयोजित इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
टीकाकरण अभियान के दौरान शिशुओं, छोटे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को डायरिया, डिप्थीरिया, पोलियो, पीलिया, काली खांसी, टीबी, टिटनेस, इन्फ्लुएंजा, निमोनिया, मीजल्स, रूबेला और इंसेफेलाइटिस समेत करीब 12 गंभीर बीमारियों से बचाव के टीके लगाए गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं का वजन कर स्वास्थ्य परीक्षण भी किया तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया।
शिविर में विशेष रूप से 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों एवं अन्य पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराया जाता है।
अभियान को सफल बनाने में सीएचओ वंदना पांडेय, एएनएम गायत्री देवी, आशा कार्यकर्ता निर्मला गौड़, रीना देवी तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अन्नपूर्णा त्रिपाठी और आरती देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीएचओ वंदना पांडेय ने कहा कि टीकाकरण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है और आयुष्मान योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है।
शिविर में दयानंद शुक्ला, पुनीत शुक्ला, संदीप प्रजापति, शिवांश शुक्ला, कृतार्थ शुक्ला, राजेश शुक्ला, महेंद्र कुमार, सूरज कुमार और शंकर दयाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांवों में ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि प्रत्येक परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।








