ब्रेकिंग न्यूज़: गगहा में भाजपा नेता राधा मोहन सिंह को मारी गोली, हालत गंभीर

पूर्वा टाइम्स समाचार
गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब भैंसहा निवासी भाजपा नेता एवं इंटर कॉलेज प्रबंधक राधा मोहन सिंह को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाशों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी, जिसमें उनकी पीठ में गोली लगने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण तत्काल घायल नेता को लेकर गगहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है और सीसीटीवी व अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।












