दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट ग्राम प्रधान सहित पांच पर केस दर्ज
पूर्वा टाइम्स समाचार

गोरखपुर।दहेज के लोभ में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। खजनी थाना क्षेत्र की एक विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और स्त्रीधन हड़पने के गंभीर आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता सोनी यादव की शादी 25 मई 2022 को राजीव यादव के साथ हुई थी। शादी में पिता ने सात लाख रुपए नगद सहित लगभग 25 लाख रुपए खर्च किए थे। लेकिन विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने चार पहिया वाहन की मांग शुरू कर दी। जब पीड़िता ने असमर्थता जताई तो उसके साथ दुर्व्यवहार शुरू हो गया। पीड़िता का आरोप है कि 20 अप्रैल 2024 को उसके साथ मारपीट कर स्त्रीधन छीन लिया गया और घर से निकाल दिया गया। इस दौरान उसकी सास लीलावती देवी, जो गांव की प्रधान भी हैं, समेत पति राजीव यादव, जेठ रणविजय यादव, जेठानी मनीष यादव और देवर राणा प्रताप यादव द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष खजनी अनूप सिंह के निर्देश पर 1 अगस्त को केस संख्या 282 दर्ज किया गया है। आरोपियों पर IPC की धारा 498A, 323, 504 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जिम्मेदारी एसआई सचिन कुमार सिंह को सौंपी गई है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए स्थानीय स्तर पर भी कुछ सामाजिक संगठनों ने आवाज उठानी शुरू कर दी है।